सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अगवा कर लूटपाट, पुल से नदी में फेंका, रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर – Param Satya - ghatikigoonj
November 25, 2026

ghatikigoonj

newsindia

सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अगवा कर लूटपाट, पुल से नदी में फेंका, रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर – Param Satya

गुरुवार देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ थाना प्रेमनगर क्षेत्र में लूट और मारपीट का मामला सामने आया है. स्कूटी सवार दो बदमाशों ने युवक का सहस्रधारा क्रॉसिंग से अपहरण कर लिया और लूटपाट के बाद जामुनवाला पुल से नीचे नदी में फेंक दिया. जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक पूरी रात पत्थरों के बीच जिंदगी और मौत से जूझता रहा. सुबह स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया. युवक के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

शिवाजी मार्ग कांवली रोड निवासी युवक के पिता विनोद कुमार ने थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि, उनका बेटा आकाश कुमार (23 वर्षीय) आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. उसकी ड्यूटी शाम छह बजे से रात दो बजे तक रहती है. गुरुवार रात करीब सवा दो बजे वह सहस्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहा था. इसी दौरान स्कूटर सवार दो युवक वहां पहुंचे और जबरन आकाश को अपने साथ ले गए.

आरोपी आकाश को घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट होते हुए जामुनवाला पुल तक ले गए. वहां बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की. उसका बैग, दो मोबाइल फोन और पर्स में रखे 700 रुपये लूट लिए. इसके बाद आरोपियों ने आकाश को पुल से नीचे नदी में फेंक दिया.

गिरने से युवक की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया. घायल हालत में वह पूरी रात नदी किनारे पत्थरों के बीच पड़ा रहा. बीती सुबह आसपास के लोगों ने उसकी आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वर्तमान में आकाश का इलाज दून अस्पताल में चल रहा है.