बहादराबाद थाना क्षेत्र में 2 जून मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. हाईवे पर यात्रियों को लेकर जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई. हादसे के वक्त बस में दो विदेशी महिला यात्री भी सवार थे. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई. हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. बस में पीछे की तरफ रखा सामान जलकर राख हो गया. तत्काल राहत बचाव का कार्य करने पर विदेशी नागरिकों ने हरिद्वार पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया.
जानकारी के अनुसार, बस ऋषिकेश से राजस्थान के जयपुर जा रही थी. रात करीब 12 बजे बहादराबाद क्षेत्र के बढेड़ी राजपूताना गांव के पास हाईवे पर चलती वोल्वो बस में अचानक आग लग गई. आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई और साथ ही अफरातफरी का माहौल बन गया. चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया.
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी. इसी दौरान बस कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी. लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला. आग बस में तेजी से फैल गई और बस में पीछे की तरफ रखा यात्रियों का सामान आग की चपेट में आ गया और अधिकांश सामान जलकर राख हो गया.
पुलिस कर्मियों और फायर ब्रिगेड के जवानों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई. आग बुझाने के बाद बस को साइड में लगाकर यातायात सुचारू कराया गया.

More Stories
उत्तराखंड में आईएएस और पीसीएस अफसरों का ट्रांसफर, जानिए किसको क्या जिम्मेदारी दी गई
करोडो की भूमि को हडपने का षडयन्त्र रचने वाली मुख्य अभियुक्ता को दून पुलिस ने सहारनपुर से किया गिरफ्तार
नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026-सीमांत नीति घाटी में साहस, समन्वय और विकास की नई उड़ान