बदरीनाथ हाईवे पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. बीते दिन जोशीमठ के समीप पैनी नामक स्थान पर गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर वाहन हादसे का शिकार हो गया था. जिसमें एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए. वहीं एक बार फिर इसी हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर वाहन हादसे का शिकार हुआ है. हादसे में वाहन में सवार 8 यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया.
गौर हो कि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच उत्तर प्रदेश के मेरठ से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. दुर्घटना में वाहन में सवार आठ यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया. गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर (वाहन संख्या यूपी-15 ईटी-1020) बदरीनाथ धाम के दर्शन कर ऋषिकेश की ओर लौट रहा था. इसी दौरान हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत कुल 16 श्रद्धालु सवार थे. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला. घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी जेपी कंपनी के अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर कर दिया गया.
हादसे में घायल यात्रियों की पहचान दिशा (15 वर्ष) पुत्री विनोद सैनी, वर्षा पुत्री विनोद सैनी, इलालिता पत्नी अमित, ज्योति पत्नी प्रदीप गिरी, पुष्पा गिरी पत्नी विजेंद्र, चालक जमील पुत्र मतलूप, राजकुमार पुत्र लक्ष्मी और बसु पुत्री सुरेंद्र सैनी के रूप में हुई है. सभी घायल मेरठ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा कर लिया गया. दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया.

More Stories
चम्पावत घाट के पास हादसा, सड़क से नीचे खेत में गिरी मैक्स, तीन घायल
उत्तराखंड में IPS, PPS और PCS के हुए तबादले, निवेदिता कुकरेती बनी आईजी कुमाऊं
सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त, डीएम ने विभागों को दी कड़ी हिदायत