उत्तराखण्ड से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर राज्य के चम्पावत जिले से सामने आ रही है जहां घाट-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर को उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब पिथौरागढ़ जिले के नाचनी से खटीमा की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि वाहन गहरी खाई में गिरने से पहले खेत में ही रुक गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। बताया गया है कि यह दुर्घटना सिंगदा घाट क्षेत्र के पास हुई, जहां वाहन संख्या UK05 TA 3220 अचानक नियंत्रण खो बैठा। हादसे में चालक समेत वाहन में सवार तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया
घायल चालक कविंद्र सिंह, जो खटीमा के निवासी हैं, ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वाहन चलाते समय अचानक स्टेरिंग लॉक हो गया। इससे वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाया और वह सड़क से नीचे खेत की ओर जा गिरा। वाहन में चालक के अलावा दो अन्य यात्री भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि वाहन कुछ मीटर और आगे बढ़ जाता तो वह कई फीट गहरी ढलान में गिर सकता था, जिससे गंभीर नुकसान होने की आशंका थी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के होटल व्यवसायी मदन सामंत, भुवन सिंह और आसपास मौजूद अन्य वाहन चालक तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण घायल यात्रियों को समय रहते राहत मिल सकी। बाद में मामूली रूप से घायल सवारियां दूसरे वाहन की सहायता से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर घाट चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने वाहन चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आवश्यक विवरण दर्ज किए। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण वाहन के स्टेरिंग सिस्टम में आई तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
स्थानीय होटल स्वामी मदन सामंत ने बताया कि वाहन खेत में अटक जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। यदि मैक्स वाहन नीचे की ओर लुढ़कता तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी। गौरतलब है कि मदन सामंत इससे पहले भी क्षेत्र में हुई कई सड़क दुर्घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। स्थानीय लोग उनकी तत्परता और मानवीय सहयोग की सराहना करते हैं।

More Stories
बदरीनाथ हाईवे पर फिर सड़क हादसा, दर्शन कर लौट रहे यात्रियों का टेंपो ट्रैवलर वाहन पलटा, 8 श्रद्धालु घायल
उत्तराखंड में IPS, PPS और PCS के हुए तबादले, निवेदिता कुकरेती बनी आईजी कुमाऊं
सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त, डीएम ने विभागों को दी कड़ी हिदायत