June 16, 2026

ghatikigoonj

newsindia

उत्तराखंड पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, कई बड़े नेताओं को भनक तक नहीं

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज अचानक उत्तराखंड के मसूरी पहुंचे. उनके इस दौरे की किसी को भनक तक नहीं लगी है. उनकी इस अचानक दौरे को लेकर कई तरह से कयास लगाए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान पार्टी संगठन की मजबूती, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और मसूरी क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की भी जानकारी दी.

सोमवार 15 जून को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अचानक मसूरी पहुंचे. उनका ये दौरा पूरा गोपनीय रखा गया. यहां तक कि भाजपा के कई बड़े नेताओं को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे की जानकारी नहीं थी. उधर, नितिन नवीन ने मसूरी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की.

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए संगठन की जमीनी स्थिति और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता को लेकर फीडबैक लिया. उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया.

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना की. कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन से वर्ष 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह किया. उन्होंने भी कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया. राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. पार्टी पदाधिकारियों ने इसे आगामी चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक दौरा बताया.