June 20, 2026

ghatikigoonj

newsindia

राष्ट्रवादी नव निर्माण दल ने सौरभ वत्स को सौंपी उत्तराखंड की कमान, 2027 चुनावों के लिए संगठन विस्तार का बिगुल

उत्तराखंड की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए राष्ट्रवादी नव निर्माण दल ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने युवा, ऊर्जावान और जनप्रिय नेता सौरभ वत्स को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पदाधिकारियों ने सौरभ वत्स का जोरदार स्वागत किया और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

पार्टी नेतृत्व ने सौरभ वत्स को आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है। अपने संबोधन में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सौरभ वत्स ने कहा कि राष्ट्रवादी नव निर्माण दल उत्तराखंड के युवाओं, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, कर्मचारियों और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जनता के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक त्यागी ने कहा कि राष्ट्रवादी नव निर्माण दल प्रदेश और देश में एक वैकल्पिक राजनीतिक सोच को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सौरभ वत्स के नेतृत्व में उत्तराखंड में पार्टी का संगठन तेजी से विस्तार करेगा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगा।

इस दौरान पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष करना है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए जल्द ही व्यापक अभियान भी चलाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योगपति और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, जनहित और उत्तराखंड के समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।