July 13, 2026

ghatikigoonj

newsindia

दावत के बहाने बुलाकर दोस्त ने की दोस्त की हत्या, इलाके में फैली सनसनी

हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से दोस्ती को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर दोस्त के बुलावे पर दावत के बहाने ले जाकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वारदात के कई घंटे बाद तक उत्तराखंड की मंगलौर पुलिस और उत्तर प्रदेश की पुरकाजी पुलिस घटनास्थल को लेकर असमंजस में रही, सीमांकन के बाद घटनास्थल मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में पाया गया, जिसके बाद पुलिस द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी गई है.

जानकारी के मुताबिक, 11 जुलाई शनिवार की शाम मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर जट्ट गांव निवासी गौरव (उम्र 28 वर्ष) के पास उसके दोस्त सुमित का फोन आया और सुमित ने दावत करने की बात कहकर उसे घर से बुलाया. इसके बाद सौरव शिव मंदिर के पास पहुंचा जहां पर उसके दोस्त डिंपल और आशीष पहले से ही मौजूद थे, इसके बाद चारों लोग बूढ़पुर जट्ट स्थित एक ईंट भट्ठे के पीछे पहुंचे. आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर पहुंचे अनुज, रॉबिन और प्रद्युम्न ने सौरव पर तमंचे से फायर कर दिया और गोली लगने से सौरव गंभीर रूप से घायल हो गया.

जिससे अधिक खून बहने के कारण गौरव की मौत हो गई. बताया गया है कि वारदात को अंजाम देकर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. उधर, घटना की जानकारी मिलने पर गौरव के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इसी के साथ (उत्तर प्रदेश) के पुरकाजी और उत्तराखंड के मंगलौर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई, लेकिन सीमा क्षेत्र को लेकर कई घंटे तक असमंजस बना रहा. जिसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर सीमांकन कराया गया, जिसमें घटनास्थल मंगलौर कोतवाली क्षेत्र निकला, इसके बाद मंगलौर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

साथ ही पुलिस ने मृतक के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया गया है कि मृतक सौरव की कुछ वर्ष पहले ही शादी हुई थी और वह एक फैक्ट्री में नौकरी करने के साथ अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में भी हाथ बंटाता था. गौरव के दो छोटे बच्चे, एक भाई और एक बहन हैं. वहीं अचानक हुई इस वारदात से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इसी के साथ गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है. पुलिस इस हत्याकांड के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच पड़ताल कर रही है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर दोस्ती के नाम पर रची गई इस बड़ी साजिश के पीछे असली मकसद क्या था और पुलिस कब तक इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करती है.