August 14, 2026

ghatikigoonj

newsindia

लापता व्यक्ति की तलाश में तीसरे दिन भी जुटी संयुक्त रेस्क्यू टीमें – Param Satya

ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाला में तेज जलप्रवाह के कारण वैली ब्रिज बह जाने की घटना के बाद लापता व्यक्ति की खोजबीन के लिए तीसरे दिन भी संयुक्त सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रहा। घटना के बाद से ही विभिन्न सुरक्षा एवं बचाव एजेंसियों द्वारा संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाश की जा रही है।

लापता व्यक्ति की खोज के लिए SDRF उत्तराखण्ड पुलिस, जिला प्रशासन, भारतीय सेना, ITBP, NDRF एवं BRO की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हुई हैं। टीमों द्वारा नदी के किनारों, जलधारा के आसपास के क्षेत्रों, नाले के बहाव क्षेत्र तथा अन्य संभावित स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से सर्चिंग की जा रही है।

इसी क्रम में आज दिनांक 12 अगस्त 2026 को SDRF जोशीमठ टीम ने इंस्पेक्टर कर्ण सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल एवं आसपास के संभावित क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया। टीम द्वारा विषम परिस्थितियों के बीच उपलब्ध रेस्क्यू उपकरणों एवं तकनीकी कौशल का उपयोग करते हुए नदी तट तथा अन्य चिन्हित स्थानों को कवर किया गया।

अत्यधिक जलप्रवाह, कठिन एवं दुर्गम भू-भाग तथा प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद सभी एजेंसियों के रेस्क्यू कर्मियों द्वारा आपसी समन्वय एवं पूरी तत्परता के साथ अभियान को आगे बढ़ाया गया। हालांकि, आज की सर्चिंग के दौरान भी लापता व्यक्ति के संबंध में कोई महत्वपूर्ण सुराग अथवा जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी और अभियान का परिणाम शून्य रहा।

लापता व्यक्ति की तलाश को लेकर संयुक्त सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। संभावित क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से आगे भी सघन खोजबीन की जाएगी।