राजधानी देहरादून में देर रात बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा स्कूटी से भाग रहे बदमाश का पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. साथ ही घायल आरोपी की पहचान 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात के आरोपी आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया. वह चेकिंग पॉइंट से नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भाग निकला. पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया.
पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है. वह 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का आरोपी है. उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है.
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की. प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है. इसके अलावा चेन स्नैचिंग में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है.

More Stories
एम्स ऋषिकेश में घायल रोहित ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 11 – Param Satya
मणिमाई मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसा, लोडर से टकराई गाड़ी, दो की मौत, तीन गंभीर
चमोली की टनल से एक और श्रमिक का शव मिला, मृतकों की संख्या 9 हुई, एक लापता की तलाश जारी