September 22, 2026

ghatikigoonj

newsindia

माफी मांगता रहा डिलीवरी बॉय, सिक्योरिटी गार्ड बरसाता रहा लात-घूंसे, आरोपी गिरफ्तार

थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के जोगीवाला स्थित एक मॉल परिसर में एक डिलीवरी बॉय के साथ सिक्योरिटी गार्ड द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक सुरक्षा गार्ड डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों से पीटता नजर आ रहा है. इस दौरान डिलीवरी बॉय माफी मांगता दिखाई दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट जारी रहती है. पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है और शराब के नशे में डिलीवरी बॉय के साथ बहस कर मारपीट की गई. पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह (उम्र 45 वर्ष) निवासी D-22 सेक्टर 3 डिफेंस कॉलोनी थाना नेहरु कॉलोनी जनपद देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस द्वारा मौके पर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड नहीं माना. जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपी महेंद्र सिंह को 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है.

पूरी घटना सोमवार देर शाम की है, डिलीवरी बॉय एक मॉल में ऑर्डर लेने पहुंचा था. आरोप है कि वह निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से जा रहा था, जिस पर सिक्योरिटी गार्डों ने उसे रोक लिया. इसी दौरान विवाद हुआ और एक गार्ड ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. वीडियो में एक व्यक्ति गार्ड को रोकने की कोशिश करता भी दिखाई दे रहा है, लेकिन गार्ड उसकी बात नहीं मानता. साथ ही डिलीवरी बॉय से सिक्योरिटी गार्ड की बहस हो जाती है.