बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए सोमवार रात को 9 बजकर 37 मिनट पर बंद हो गए हैं। कपाट बंद होने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच मंदिर के कपाट सोमवार रात बंद हो गए हैं। इससे पहले मुख्य पुजारी (रावल) अमरनाथ नंबूदरी ने सखी का रूप धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बद्रीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। भगवान को माणा गांव की परंपरा से तैयार घृत कंबल भी ओढ़ाया गया। कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का समापन हो गया।
बता दें इस साल बदरीनाथ धाम में 23 लाख 39 हजार 772 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यह अब तक का नया रिकॉर्ड है। यात्रा के दौरान 88 लोगों की मौत हुई। इनमें 87 की मौत स्वास्थ्य खराब होने और एक की प्राकृतिक आपदा में हुई। अब मंगलवार सुबह भगवान उद्धव, कुबेर और गरुड़ की उत्सव डोलियां और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। उद्धव और कुबेर की डोलियां पांडुकेश्वर और शंकराचार्य की गद्दी नरसिंह मंदिर में पहुंचेगी।

More Stories
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को मिलेगी नई दिशा
टिहरी में भीषण सड़क हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 की मौत, 26 घायल