August 25, 2026

ghatikigoonj

newsindia

जनता दरबार में CM ने एक-एक कर सुनी फरियादियों की समस्या, अधिकारियों को दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने विभिन्न जनसमस्याओं के साथ ही क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषय और सुझाव भी रखे।

सीएम ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि जनसमस्याओं का समय पर निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। जनहित से जुड़े प्रकरणों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर जनता दरबार में आए दिव्यांग कुलदीप की समस्या को भी सुना। इस दौराम सीएम ने सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल दिव्यांग को आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का प्रयास है कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरलता और समयबद्धता के साथ पहुंचे।