हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर गुरुवार शाम उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब निहंग सिखों के एक जत्थे ने देहरादून जिले के कुल्हाल चेकपोस्ट पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर हेमकुंड साहिब की ओर बढ़ने की कोशिश की.
बता दें कि निहंग संगठनों द्वारा उत्तराखंड कूच की घोषणा के बाद कुल्हाल बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. जिला मजिस्ट्रेट आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोभाल खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे. इतना ही नहीं सीमा पर वाहनों की सघन जांच भी की गई.
निहंगों का जत्था मोहाली स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां से रवाना हुआ था, जिसे उत्तराखंड पुलिस ने हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर रोक लिया. इसके बाद, कुल्हाल बैरियर और पास स्थित पांवटा साहिब गुरुद्वारे में पुलिस अधिकारियों और निहंग प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई.
हालांकि, बातचीत के बीच कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज गैरोला ने कहा कि पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और कानून-व्यवस्था को नियंत्रित रखने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि सुबह से ही कुल्हाल बैरियर पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट थी. शाम करीब पांच बजे जिरकपुर की ओर से निहंगों का जत्था पहुंचा. पुलिस ने उनसे कई चरणों में बातचीत की, जिसके बाद अधिकांश लोग वहीं रुक गए, लेकिन 15 से 20 लोगों के एक छोटे समूह ने दूसरी बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि पुलिस न्यूनतम बल का इस्तेमाल करते हुए स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

More Stories
सीएम धामी संग पंतनगर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री, कृषि अनुसंधान और तकनीकी विकास का लिया जायजा
हरिद्वार में तेज रफ्तार कार ने दो बहनों को कुचला, 3 साल की बच्ची की मौत, बड़ी बहन घायल
जब शहर सो रहा था, तब देहरादून पुलिस जाग रही थी – Param Satya