उत्तराखंड ने निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में राज्य ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है।
वहीं, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की संयुक्त रैंकिंग में 47.5 अंकों के साथ 11वां स्थान हासिल कर उत्तराखंड फ्रंट रनर श्रेणी में शामिल हो गया है। नीति आयोग ने राज्यों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया।
उत्तराखंड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में समग्र निवेश अनुकूलता और वित्तीय स्वास्थ्य में पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा व्यावसायिक वातावरण और संसाधनों की उपलब्धता में दूसरा तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर औद्योगिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित करने, निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनका कहना था कि नीति आयोग की यह रैंकिंग निवेशकों का भरोसा और मजबूत करेगी तथा राज्य में औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी।

More Stories
रक्षाबंधन से पहले हैवान बना भाई, दो सगी बहनों को मार दी गोली, इलाके में दहशत
संपत्ति विवाद में आश्रम बना जंग का अखाड़ा, रात के अंधेरे में संत के साथ मारपीट, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
उत्तराखंड में छह अफसरों के दायित्व में फेरबदल, तीन IAS भी शामिल