हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट क्षेत्र में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई।
मृतक की पहचान गुर्जर समुदाय के एहसान पुत्र यूसुफ के रूप में हुई है, जो पास की गुर्जर बस्ती का निवासी था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे एहसान घास लेने के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में गया था। इसी दौरान उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने उस पर हमला कर कई बार पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई। श्यामपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
वन विभाग ने घटनास्थल से फोटो, जीपीएस लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर हाथी की मौजूदगी के स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं । घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और बिना आवश्यकता आरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश न करें। विभाग ने एहतियात के तौर पर घटना स्थल के आसपास लोगों के आने-जाने पर भी रोक लगा दी है।

More Stories
पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, 240 बाल वैज्ञानिक कर रहे प्रतिभाग
हरिद्वार में पड़े ओले, गाड़ियों के शीशे टूटे, रामनगर में विशालकाय पेड़ धड़ाम
देहरादून में युवक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा, बेल्ट-डंडों से बेरहमी से पीटा, 20 युवकों पर केस दर्ज