उत्तरकाशी जिले में बीती देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई. यमुना घाटी से लेकर गंगा घाटी तक कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. झटका इतना तेज था कि कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए. देर रात अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के बारे में जानकारी लेते नजर आए. हालांकि, राहत की बात यह रही कि भूकंप के कारण जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बीती देर रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया जा रहा है. रात का समय होने के कारण भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.
कई परिवारों ने कुछ समय तक घरों में वापस जाने से भी परहेज किया. ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में लोग मोबाइल फोन के माध्यम से अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेते रहे. यमुना घाटी के साथ ही उत्तरकाशी और गंगा घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है. भूकंप के झटके महसूस होने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र भी सक्रिय हो गया. जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जानकारी जुटाई गई.
प्रशासन की ओर से तहसील और संबंधित विभागों से भी स्थिति की जानकारी ली गई. फिलहाल कहीं से भवनों में दरार, सड़क क्षतिग्रस्त होने, भूस्खलन अथवा अन्य किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है. आए इस भूकंप के झटके ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार केवल एक भूकंप के झटके के आधार पर किसी बड़े भूकंप की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती. प्रशासन ने भी लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है.उत्तरकाशी भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील जनपद माना जाता है. जिले के कई हिस्से भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आते हैं.

More Stories
धामी मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न, इन 17 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर
राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड में 13 केंद्रों पर होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री मोदी युवाओं को करेंगे संबोधित
देहरादून में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, युवकों ने व्यक्ति पर किया जानलेवा हमला, पड़ताल में जुटी पुलिस