September 16, 2026

ghatikigoonj

newsindia

उत्तरकाशी में खाई में गिरा बोलेरो कैंपर, एक व्यक्ति की मौत, 11 लोग घायल

मोरी विकासखंड की फतेहपर्वत पट्टी में खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में एक व्यक्ति की मौत तो 11 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

पुलिस के मुताबिक, हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण मंगलवार को खन्यासणी में आयोजित जागड़ा मेले में शामिल होने गए थे. शाम को मेले से वापस लौटते समय खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच बोलेरो कैंपर वाहन संख्या UK 07 C 5821 अचानक अनियंत्रित हो गया. जिससे वाहन सड़क से नीचे करीब 200 मीटर खाई में जा गिरा.

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे और घायल लोगों को बाहर निकाला. देर शाम करीब 7 बजे सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया.हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार थे. जिसमें से 1 व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि, 11 लोग घायल हो गए. इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं. वहीं, मोरी में 9 घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया है.