पटेल नगर क्षेत्र में एक स्कूल के बाहर युवकों की भीड़ द्वारा दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक युवक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से पीटते हुए देखा जा सकता है. मामले में पटेल नगर पुलिस ने चार नामजद समेत 15-20 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.
देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास निवासी अंकज पुत्र लाल सिंह ने बीते दिन पटेल नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दी. अंकज के अनुसार, वह अपने साथी विवेक सहनी के साथ वहां से गुजर रहा था. इसी दौरान 15-20 युवक एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट कर रहे थे. छात्र ने दोनों से मदद मांगी तो उन्होंने मारपीट कर रहे युवकों से उसे पीटने की वजह पूछी. आरोप है कि इस बात पर युवक भड़क गए और उन्होंने अंकज व विवेक पर हमला कर दिया.
अंकज ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट करते हुए डंडों, पाटल और बेल्ट का इस्तेमाल किया. सामने आए वीडियो में एक युवक विवेक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटता दिखाई दे रहा है. इस दौरान आसपास मौजूद कई युवक उस पर बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं. मारपीट में विवेक के सिर पर चोट आई, जिसके बाद अंकज उसे उपचार के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गया.
पटेल नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रज्वल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित, तुषार और 15-20 अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2) और 309(6) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है.कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने दबिश देकर आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

More Stories
पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, 240 बाल वैज्ञानिक कर रहे प्रतिभाग
हरिद्वार में पड़े ओले, गाड़ियों के शीशे टूटे, रामनगर में विशालकाय पेड़ धड़ाम
मसूरी में आधी रात को महिलाओं का हाईवोल्टेज ड्रामा, बीच सड़क पर जमकर चले जूते-चप्पल, अभद्रता का लगा आरोप