October 17, 2026

ghatikigoonj

newsindia

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने पति के आरोपों का दिया जवाब, ‘गोलू बाबा’ की कसम खाकर बोलीं

 

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के बीच चल रहा विवाद अब और तेज हो गया है। पति द्वारा लगाए गए 210 करोड़ की अवैध संपत्ति के आरोप पर मंत्री रेखा आर्य ने अस्पताल से अपना जवाब दिया है। रेखा आर्या ने कहा कि पति द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप झूठे हैं। उन्होंने 210 करोड़ रुपये घोटाले के आरोपों का खंडन किया।

इससे पहले शुक्रवार को मंत्री के पति पप्पू गिरधारी ने फेसबुक लाइव आकर वीडियो जारी किया था। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि मंत्री रेखा आर्य ने महिला बाल विकास विभाग में पिछले 10 सालों में भ्रष्टाचार कर 210 करोड़ की अवैध संपत्ति बनाई है और उन्होंने सीएम धामी से इसकी जांच की मांग की थी। साथ ही उन्होंने मंत्री द्वारा जारी ऑडियो को AI से बना हुआ फर्जी बताया था।

पति के आरोपों का जवाब देते हुए आज मंत्री रेखा आर्य ने अस्पताल से बयान जारी कर सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। मंत्री ने यह भी कहा है कि वह तहरीर को वापस नहीं लेंगी, क्योंकि जो भी ऑडियो है, वह पूरी तरह से सत्य है और किसी तरह का कोई एआई मिलावट नहीं है। उन्होंने पति की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि हम अपने इष्ट देव गोलू बाबा की कसम खाकर कहते हैं उनके द्वारा जारी किया गया सही है। वह एआई ने नहीं बनाया गया है।

दरअसल मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति पर धोखाधड़ी, उत्पीड़न मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद उनके पति गिरधारी लाल साहू का वीडियो सामने आया। वीडियो में आरोपी पति ने मंत्री रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार के जरिये 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंत्री रेखा की संपत्तियों और उनके विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है।

हालांकि, इन आरोपों की कोई पुष्टि नहीं हुई है लेकिन गिरधारी साहू ने जल्द ही उत्तराखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री की कथित संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को सार्वजनिक करने की बात कही है। उन्होंने दावा किया है कि रेखा आर्य के विभाग में पिछले 10 सालों से भ्रष्टाचार हो रहा है और इस मामले में उन्होंने कई बार मंत्री के सामने आपत्ति भी जताई।

दूसरी ओर मंत्री रेखा आर्या की ओर से की गई शिकायत के मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलूनी की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया। जो मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।