देहरादून के पूर्व मेयर और बेटे पर 23 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश, जानें मामला - ghatikigoonj
November 18, 2026

ghatikigoonj

newsindia

देहरादून के पूर्व मेयर और बेटे पर 23 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश, जानें मामला

नगर निगम के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के बेटे शाश्वत उनियाल पर नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है. पीड़ित विजय राज चौहान ने पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना समेत अन्य लोगों के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की है. शिकायत पर एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं. सीओ डालनवाला पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं.

जानकारी के अनुसार विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने एसएसपी को शिकायत दर्ज कराई है कि साल 2019 में नगर निगम की जमीन पर तीन दुकानें आवंटित कराने के नाम पर करीब 45 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था. आरोप है कि पूर्व मेयर के बेटे शाश्वत उनियाल ने राजपुर रोड और मसूरी रोड क्षेत्र में दुकानें दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली.

इसके बाद साल 2023 में भी मसूरी रोड स्थित खाला गांव के मैगी प्वाइंट और कुठाल गेट के पास दुकानें आवंटित कराने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से मुलाकात कराई गई और दस्तावेज भी लिए गए. पीड़ित का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी उसे कोई दुकान आवंटित नहीं हुई. साल 2025 में रकम वापस मांगने पर कुछ पैसा लौटाया गया, लेकिन करीब 23 लाख रुपए अब भी बकाया हैं. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रकम मांगने पर उसे और उसके परिवार को धमकाया गया. घर पहुंचकर दबाव बनाने और तोड़फोड़ करने के आरोप भी लगाए गए हैं.

पीड़ित के मुताबिक, सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत नगर निगम से जानकारी जुटाने पर पता चला कि जिन दुकानों को स्थायी रूप से आवंटित कराने का भरोसा दिया गया था, वे अस्थायी दुकानें थीं. आरोप है कि इसके बावजूद दुकानें आवंटित कराने के नाम पर उससे रकम ली गई.