July 21, 2026

ghatikigoonj

newsindia

देहरादून में उत्तराखंड बेरोजगार संघ का सचिवालय कूच, पुलिस ने बीच रास्ते में रोका, धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले आज 21 जुलाई मंगलवार को भारी संख्या में बेरोजगारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सचिवालय कूच किया. इससे पहले सभी बेरोजगार परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए उसके बाद पैदल मार्च निकालते हुए जैसे ही सचिवालय की ओर बड़े, तभी पहले से ही मौजूद पुलिस ने सुभाष रोड पर सचिवालय से पहले प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. इससे नाराज बेरोजगार सड़क में ही धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया.

इस दौरान बेरोजगारों ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में एई और जेई की भर्ती शीघ्र जारी करने, लंबित भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने, उत्तराखंड पुलिस में 1500 भर्ती विज्ञप्ति जारी करने, उत्तराखंड महिला पुलिस सिपाही के 400 पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई.

बेरोजगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि केंद्र हो या फिर राज्य सरकार हो दोनों सरकारी युवाओं को ठगने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के साथ 60 हजार भर्तियों को जारी किए जाने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी अब तक पूरा नहीं हो पाया है.

कंडवाल ने कहा कि आज अन्य प्रदेशों से युवाओं को यहां लाया जा रहा है और उन्हें नौकरियां दी जा रही है, लेकिन राज्य के युवा रोजगार पाने के लिए धक्के खा रहे हैं. कंडवाल का कहना है कि अगर सरकार भर्तियों की विज्ञप्ति जारी कर दी थी तो बेरोजगारों को सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता. बेरोजगार संघ ने बीते रोज दिल्ली में युवाओं के साथ हुए लाठी चार्ज की भी तीखी निंदा की है.