लगातार हो रही बारिश के चलते देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र स्थित संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया. जिसके चलते नदी के बीच बने टापू पर सात लोग फंस गए. जिससे उनकी जान हलक में आ गई. ऐसे में स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद थाना कैंट पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. फिर रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं, समय रहते किए गए रेस्क्यू की वजह से संभावित बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के मुताबिक, रविवार यानी 19 जुलाई को सीसीआर देहरादून के माध्यम से सूचना मिली कि संतला देवी मंदिर के पास नदी के बीच बने टापू पर सात लोग फंस गए हैं. चारों ओर तेज बहाव होने के कारण वे बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा स्थित एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई. मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ चुका था.
हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीआएएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया. तेज बहाव, फिसलन भरे किनारे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से नदी के बीच फंसे सभी लोगों तक पहुंच बनाई. इसके बाद एक-एक कर सभी सात लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
एसडीआरएफ ने कार्रवाई करते हुए सभी सात लोगों की जान सुरक्षित बचा ली गई. बताया जा रहा है कि सभी लोग घुमने गए थे. जो वहां पर तेज पानी के बहाव में फंस गए. जिसके चलते उनकी जिंदगी सांसत में आ गई. गनीमत रही कि समय रहते ही उनका रेस्क्यू कर लिया गया, नहीं तो किसी अनहोनी से भी इनकार नहीं किया जा सकता था.

More Stories
देहरादून में फायरिंग से दहशत, दोस्त ने दोस्त पर चलाई गोली, दो युवकों पर मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड में भारी बारिश ने रोकी चार धाम यात्रा, भूस्खलन के खतरे के बीच प्रशासन का अलर्ट
हर बच्चे को मिले गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सीएम धामी ने समावेशी शिक्षा मिशन-2030 का किया शुभारंभ