उत्तराखंड के मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. अब एम्स ऋषिकेश में इलाज के लिए आने वाले उत्तराखंड के मरीजों को ओपीडी पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतारों में कम इंतजार करना पड़ेगा. स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सोमवार को एम्स ऋषिकेश में विशेष रूप से उत्तराखंड वासियों के लिए बनाए गए अलग ओपीडी पर्चा काउंटर का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया.
इस अवसर पर एम्स की निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह सहित संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे. उद्घाटन समारोह के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल ने एम्स प्रशासन और विशेष रूप से निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले काफी समय से स्थानीय लोगों को ओपीडी पर्चा बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने निदेशक से उत्तराखंड और विशेष रूप से ऋषिकेश क्षेत्र के मरीजों के लिए अलग काउंटर शुरू करने का अनुरोध किया था. जिसे एम्स प्रशासन ने स्वीकार करते हुए आज अमल में ला दिया है.
उन्होंने कहा इस नई व्यवस्था से राज्य के मरीजों को समय की बचत होगी. उन्हें पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि इसी तर्ज पर जल्द ही जन औषधि केंद्र पर भी उत्तराखंड वासियों के लिए एक अलग विशेष काउंटर स्थापित किया जाएगा. जिससे मरीजों को दवाइयां लेने के दौरान भी अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारों का सामना न करना पड़े.
एम्स में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या और बेड की कमी के सवाल पर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि एम्स ऋषिकेश केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों के हजारों मरीजों को भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है. ऐसे में मौजूदा संसाधनों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है. एम्स के विस्तार के लिए करीब 200 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पहले से विचाराधीन है. इस संबंध में वे मुख्यमंत्री से भी चर्चा कर चुके हैं. भविष्य में एम्स को अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा भूमि मिलने के बाद अस्पताल में बेड क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ नई चिकित्सा सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर का भी विस्तार किया जा सकेगा. जिससे उत्तराखंड सहित आसपास के राज्यों के मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी. पूर्व मंत्री ने विश्वास जताया कि एम्स प्रशासन और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से आने वाले समय में संस्थान में मरीजों को और अधिक आधुनिक तथा सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. नई ओपीडी काउंटर व्यवस्था को स्थानीय लोगों ने भी स्वागत योग्य कदम बताते हुए इसे मरीजों के हित में महत्वपूर्ण पहल माना है.

More Stories
हरिद्वार में मोरारी बापू की राम कथा में पहुंचे CM धामी, बोले- ‘विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनेगा उत्तराखंड
पांच दिनों से लापता युवती को एसडीआरएफ ने घने जंगल से किया बरामद
बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में निलंबित प्रमोद नौटियाल पर FIR दर्ज, शासन ने बैठाई उच्चस्तरीय जांच