उत्तराखंड के देहरादून से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आज सुबह करीब 7:30 बजे शिमला बाइपास चौक पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े तथा एंबुलेंस को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घायलों को बचाने की हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह रहा कि सूचना देने के बावजूद करीब दो घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर चिकित्सा सहायता न मिलने के कारण घायल महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि युवक लंबे समय तक दर्द से तड़पता रहा। एंबुलेंस सेवा में हुई इस देरी को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती स्तर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

More Stories
मनरेगा मिशन कर्मचारियों को सीएम धामी का भरोसा, समायोजन पर जल्द होगी सकारात्मक पहल
उत्तराखंड में IAS अफसरों के तबादले, एक IFS अधिकारी से वापस ली गई अहम जिम्मेदारी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखायी हरी झंडी