नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुई घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गुरुद्वारे की स्थिति नियंत्रण में है. हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुचारू एवं निर्बाध रूप से संचालित हो रही है. अधिकारियों ने आमजन, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक सूचनाओं व अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है. वहीं नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण के बीच अकाल सिंह निहंग ने प्रशासन और पुलिस का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित एवं सकुशल हैं. उन्होंने प्रशासन द्वारा स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालने के प्रयासों की सराहना की तथा सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की.
रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि 20 जून को शाम करीब 3:40 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से एक सूचना मिली थी. जिसमें बताया गया कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी की स्थिति बनी हुई है. सूचना मिलते ही घोलतीर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया.
प्राथमिक जांच में सामने आया कि गुरुद्वारे के सेवादारों और वहां पहुंचे कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी विषय को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी. पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी. दोनों पक्षों से वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. इसी दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए और वहां जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार संबंधित व्यक्तियों के संपर्क में है. संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं. वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. एक निहंग सिख छत से नीचे उतरकर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के साथ बातचीत कर रहा है. अन्य व्यक्तियों से भी लगातार संवाद जारी है.
एसपी नीहारिका तोमर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कई जानकारियां भ्रामक और तथ्यहीन हैं. गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है और न ही किसी व्यक्ति को बंधक बनाया गया है. गुरुद्वारे में लंगर सेवा, अरदास एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं. श्रद्धालु एवं यात्री सामान्य रूप से गुरुद्वारे में पहुंच रहे हैं. ठहर रहे हैं और अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं.
रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है. सभी यात्रा मार्ग खुले हैं, कहीं भी यातायात अवरुद्ध नहीं है. श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं. सड़क मार्गों पर भी आवागमन सामान्य बना हुआ है.
उन्होंने कहा कि कुछ माध्यमों से यात्रा प्रभावित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं. जबकि, वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा व्यवस्थाओं पर इस घटना का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है. डीएम मिश्रा ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनसे निश्चिंत होकर यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया.
गुरुद्वारा प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि छत पर डटे निहंग सिखों को तत्काल वहां से हटाकर पंजाब भेजा जाए. ताकि, क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे और किसी भी प्रकार के तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो. इसके अलावा गुरुद्वारे में चल रहे विवाद के बीच एक वीडियो भी सामने आया है. इस वीडियो में कुछ लोगों की ओर से एक श्रद्धालु को बांधकर रखने और बाद में उसे छोड़ने का दावा किया जा रहा है.
स्थानीय लोग और विभिन्न संगठन इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. जबकि, प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को लेकर लगातार गतिविधियां जारी हैं. बताया जा रहा है कि नगरासू गुरुद्वारे को लेकर चल रहा विवाद पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रशासन का कहना है कि गुरुद्वारे में लंगर, अरदास और श्रद्धालुओं का आवागमन सामान्य रूप से जारी है.

More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने दन्या में जनसभा को किया संबोधित, क्षेत्र के विकास की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
देहरादून जिले में कई इंस्पेक्टरों के तबादले, इन थाना प्रभारियों के जिम्मेदारी में हुआ फेरबदल
राष्ट्रवादी नव निर्माण दल ने सौरभ वत्स को सौंपी उत्तराखंड की कमान, 2027 चुनावों के लिए संगठन विस्तार का बिगुल