ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राएं अचानक लापता हो गई. स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों छात्राएं बिना किसी को बताए कहीं चली गईं, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया. काफी खोजबीन के बाद भी बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
गौर हो कि राजा कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 14 वर्षीय बेटी अपने स्कूल की दो सहेलियों के साथ 22 मई को सुबह स्कूल गई थी. तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप स्थित निजी स्कूल में कक्षा आठ की छात्राएं हैं. स्कूल की छुट्टी सुबह लगभग 11 बजे होने के बाद तीनों छात्राएं बिना किसी को बताए कहीं चली गईं और घर वापस नहीं पहुंची. परिजनों ने बताया कि जब काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के संभावित स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की.
हालांकि काफी खोजबीन के बाद भी तीनों छात्राओं का कोई सुराग नहीं लग सका. इसके बाद परिजन ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. लापता छात्राओं में एक छात्रा की उम्र लगभग 14, दूसरी की 13 और तीसरी छात्रा की 11 वर्ष बताई गई है. तीनों छात्राएं स्कूल ड्रेस में थी, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम रंग की पैंट शामिल है. मामले में ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही संभावित स्थानों पर टीमों को भेजकर छात्राओं की तलाश की जा रही है. पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचित करें, ताकि बच्चियों को सकुशल बरामद किया जा सके.

More Stories
हेमकुंड साहिब के कपाट खुले:3000 श्रद्धालुओं ने लगाए ‘बोले सो निहाल’ के जयकारें, 5 क्विंटल फूलों से सजा दरबार
वन कर्मी की गर्दन काटकर निर्मम हत्या, जंगल में मिला शव, विभाग में मचा हड़कंप
उत्तराखंड सीएम धामी ने नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को फ्लैग ऑफ किया