नैनीताल जिले के हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वन विभाग में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत 50 वर्षीय मेवा लाल की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक मूल रूप से यूपी के कौशांबी का रहने वाला था. पुलिस को मृतक के एक साथी पर हत्या का शक है और मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
हल्द्वानी कोतवाली के टीपी नगर चौकी क्षेत्र स्थित टांडा जंगल में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल के भीतर एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया तो मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल के रूप में हुई, जो वन विभाग में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत था. बताया जा रहा है कि मेवा लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का रहने वाला था और लंबे समय से हल्द्वानी क्षेत्र में रहकर काम कर रहा था.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मेवा लाल की हत्या बेहद बेरहमी से धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर की गई. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.पुलिस को मृतक के एक करीबी साथी पर शक है, जिसकी तलाश की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए गए.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं हत्या के पीछे आपसी विवाद या किसी पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है.
फिलहाल पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच जारी है. सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि बीती देर रात एक टांडा जंगल में संविदा कर्मी की धारदार हथियार से हत्या हुई है. शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा पुलिस कर रही है.

More Stories
हेमकुंड साहिब के कपाट खुले:3000 श्रद्धालुओं ने लगाए ‘बोले सो निहाल’ के जयकारें, 5 क्विंटल फूलों से सजा दरबार
स्कूल जाने के लिए निकली 3 छात्राएं अचानक हुई गायब, परिजनों में मचा हड़कंप, तलाश तेज
उत्तराखंड सीएम धामी ने नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को फ्लैग ऑफ किया