September 2, 2026

ghatikigoonj

newsindia

देहरादून में बारिश ने बुझाए दो घरों के चिराग, ओवरफ्लो नाले में बहा वैज्ञानिक का बेटा, नहर में डूबा श्रमिक का लड़का

राजधानी देहरादून में नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत एक बच्चे का शव बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बरामद हुआ. थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत दूसरे बच्चे का शव गूलरघाटी की नहर से मिला. दोनों घटनाओं में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया था. साथ ही पुलिस द्वारा दोनों बच्चों के शव परिजनों को सुपर्द कर दिए गये हैं.

पहली घटना कोतवाली पटेल नगर में स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है. यहां वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत कर्मचारी का 12 वर्षीय बेटा सम्राट गोपी जीवी मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे लापता हो गया था. काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने सोशल मीडिया पर बच्चे की जानकारी साझा की और पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन बच्चे के बाहर जाने के कोई सुराग नहीं मिला. परिसर से होकर गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. ड्रोन की मदद से भी तलाश की गई. कई घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ ने बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बच्चे का शव बरामद किया. प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि बच्चा तेज बहाव में बहकर यहां तक पहुंचा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गूलरघाटी रोड, बालावाला की है. मंगलवार को 10 वर्षीय केपी नहर में गिर गया था. सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर रेस्क्यू शुरू कराया गया. रात भर तलाश के दौरान एसडीआरएफ ने बच्चे का शव गूलरघाटी नहर से बरामद किया. केपी मूल रूप से लखीमपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं. पुलिस के अनुसार बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था.

विकासनगर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर भारी बरसात के कारण जलभराव से मकान में फंसे 05 व्यक्तियों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. पुलिस ने रेस्क्यू का वीडियो शेयर किया है.