September 8, 2026

ghatikigoonj

newsindia

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की दर्दनाक मौत

जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को झकझोर दिया. छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर ऊपर मथ्यागांव के समीप एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे. दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित (26) घायल हो गया. सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को वाहन से बाहर निकाला. घायल रोहित को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को मथ्यागांव के समीप वाहन दुर्घटना की सूचना मिली. सूचना प्राप्त होते ही DDRF और SDRF की रेस्क्यू टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.दुर्घटनाग्रस्त वाहन में रोहित पुत्र जगत सिंह, उम्र 26 वर्ष, मोहन सिंह पुत्र भाग सिंह, उम्र 65 वर्ष तथा विनोद सिंह पुत्र दरमान सिंह, उम्र 42 वर्ष सवार थे. रेस्क्यू के दौरान रोहित घायल अवस्था में मिले, जबकि मोहन सिंह और विनोद सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी.

दुर्घटना स्थल तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद DDRF और SDRF के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया. टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर तीनों व्यक्तियों को बाहर निकाला. घायल रोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. वहीं दोनों मृतकों के शवों को रेस्क्यू कर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया.