October 21, 2026

ghatikigoonj

newsindia

कांग्रेस का ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ कार्यक्रम घोषित, 22 अक्टूबर को गोल्ज्यू मंदिर से होगी शुरुआत

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को घेरने की तैयारियां कर ली है. इसी कड़ी में कांग्रेस ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ कार्यक्रम की शुरुआत 22 अक्टूबर को प्रदेश के चारों कोनों से करने जा रही है. जिसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई है.

यात्रा का पहला दल 22 अक्टूबर को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा अर्चना के साथ शुभारंभ करेगा.

यात्रा कुमाऊं के रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी. उसके बाद 23 अक्टूबर को लाल कुआं किच्छा सितारगंज नानकमत्ता खटीमा होते हुए रुद्रपुर पहुंचेगी. जबकि, 24 अक्टूबर को रुद्रपुर बाजपुर काशीपुर से होते हुए जसपुर पहुंचने के बाद 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ यात्रा का समापन होगा.

इसी तरह पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य विधायकों के नेतृत्व में दूसरा दल 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा अर्चना के बाद जोशीमठ पिपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा. 23 अक्टूबर को नंद प्रयाग कर्णप्रयाग गोचर होते हुए यह दल रुद्रप्रयाग पहुंचेगा.

24 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र और कोटद्वार में न्याय यात्रा निकाली जाएगी. 25 अक्टूबर को लैंसडाउन के बीरोंखाल मे न्याय यात्रा का आयोजन किया गया है. 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी को लेकर बैठक भी होने जा रही है.

उत्तराखंड न्याय यात्रा का तीसरा दल चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद राजपुर विधानसभा, मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगा. 23 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र सहसपुर, विकास नगर में यात्रा का आयोजन किया जाएगा.

इसी तरह 24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे. 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर विधानसभा में न्याय यात्रा निकाली जाएगी. इसी प्रकार 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा निकाली जाएगी. उसके बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र में भाग लेंगे.

न्याय यात्रा का चौथा दल चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के नेतृत्व में 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर में पहुंचेगा. जहां यात्रा का आयोजन किया जाएगा. यह यात्रा हरिद्वार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जाएगी और 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर विधानसभा में न्याय यात्रा का समापन होगा.