उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस दुर्घटना में दो अन्य घायल हो गए. घायलों का सितारागंज उपजिला चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है. जबकि मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा उपजिला चिकित्सालय भेजा गया है. मृतकों की पहचान आवास विकास कॉलोनी, किच्छा निवासी दीपांत सिंघल पुत्र पवन कुमार सिंघल और संजय पांडे निवासी ब्लॉक पाटी चंपावत के रूप में हुई है.
नानकमत्ता दहला रोड स्थित हाईवे पर 12 मई देर रात दो कारों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही नानकमत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज भेजा गया.
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे हाईवे पर कार संख्या UK06-AE-5310 और एक नई कार के बीच टक्कर हुई. बताया जा रहा है कि हल्द्वानी शोरूम से नई कार खरीदने के बाद राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में एलटी शिक्षक संजय पांडे खुद कार चलाकर चंपावत जा रहे थे. जबकि दूसरी कार को किच्छा निवासी हार्डवेयर व्यापारी दीपांत सिंघल पुत्र पवन कुमार चला रहे थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कार सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. जहां उपचार के दौरान 24 वर्षीय दीपांत और 40 वर्षीय संजय की मौत हो गई.
वहीं, हादसे में घायल 27 वर्षीय मनप्रीत सिंह पुत्र बिश्चल सिंह निवासी किच्छा और 35 वर्षीय चंद्र प्रकाश जोशी पुत्र त्रिलोक चंद्र जोशी निवासी चंपावत का सितारगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है.
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी खटीमा भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. खटीमा उपजिला चिकित्सालय में मृतक का पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी.

More Stories
देहरादून में रात 10 बजे के बाद नहीं निकल सकेंगे घर से बाहर, पुलिस का नया फरमान
मुख्यमंत्री ने “The Economic Times World Leaders Forum 2026” कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
उत्तराखंड में भीषण हादसा, चार बाइकों की आमने-सामने से जबरदस्त भिड़ंत, 3 युवकों की दर्दनाक मौत