May 15, 2026

ghatikigoonj

newsindia

सोनप्रयाग में खाई में गिरा युवक:SDRF टीम ने सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया; हालत गंभीर

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग हनुमान बैरियर के समीप एक व्यक्ति के खाई में गिर गया. सूचना मिलने ही रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. वहीं दूसरी ओर केदारनाथ यात्रा मार्ग स्थित बड़ी लिनचोली में यूपी का एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

बीती रात सूचना प्राप्त हुई कि सोनप्रयाग हनुमान बैरियर के पास एक व्यक्ति खाई में गिर गया है. सूचना मिलते ही उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि एक व्यक्ति सड़क से लगभग 30 से 40 मीटर गहरी खाई में गिरकर घायल हो गया था. रेस्क्यू टीम द्वारा तत्काल स्ट्रेचर की सहायता से घायल को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर सोनप्रयाग चिकित्सालय पहुंचाया गया. घायल व्यक्ति की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी. उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है.

आवश्यक कार्रवाई एवं घायल को चिकित्सालय सुपुर्द करने के उपरांत रेस्क्यू टीम कैंप वापस लौट गई. वहीं दूसरी ओर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार को एक यात्री अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया. यात्रियों द्वारा सूचना दी गई कि गौरीकुंड से लगभग दो किलोमीटर ऊपर चिरबासा हेलीपैड के नीचे एक यात्री पैदल यात्रा के दौरान अचानक अचेत होकर गिर गया है. सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा, टीम द्वारा यात्री कैलाश शर्मा पुत्र सुप्रभात शर्मा (उम्र 45 वर्ष) निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत सीपीआर दिया गया, जिससे कुछ ही देर में यात्री को होश आ गया. इसके बाद रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल यात्री को सुरक्षित मेडिकल रिलीफ पोस्ट गौरीकुंड पहुंचाया.

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर एसडीआरएफ टीम ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए पहाड़ी पर फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना केदार पोस्ट क्षेत्र की है, जहां गरुड़ चट्टी के समीप रुद्रा पॉइंट के नीचे नदी के ऊपर पहाड़ी पर एक युवक के फंसे होने की सूचना स्थानीय व्यक्ति द्वारा एसडीआरएफ को दी गई.

घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि युवक खतरनाक पहाड़ी पर एक स्थान पर फंसा हुआ था और रास्ता बंद होने के कारण आगे-पीछे जाने में पूरी तरह असमर्थ था. दुर्गम और जोखिम भरे क्षेत्र में युवक तक पहुंच बनाना बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन एसडीआरएफ टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अथक प्रयासों के बाद युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला. रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू (24 वर्ष), निवासी राजस्थान के रूप में हुई.

वहीं एक और घटना में केदारनाथ यात्रा मार्ग स्थित बड़ी लिनचोली ग्लेशियर क्षेत्र में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में होने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ एवं संबंधित टीम द्वारा तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही टीम मौके के लिए रवाना हुई और एसडीआरएफ के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य करते हुए संबंधित व्यक्ति को एमआरपी बड़ी लिनचोली लाया गया. जहां चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया. मृतक की पहचान आकाश उम्र 42 वर्ष, निवासी नवाबगंज, कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है.





You may have missed