उत्तराखंड: निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूर्ण करने पर सीएम धामी ने पीएम मोदी को बधाई दी है. सीएम धामी ने विशेष पत्र लिखकर पीएम मोदी को उनके ऐतिहािसक कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी. वहीं, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना कर उनके दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई. देहरादून के टपकेश्वर मंदिर, दून योगपीठ और सहसपुर स्थित बालाजी धाम मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं, योग गुरुओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की. साथ ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया.
गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक देश की सेवा करते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं.
गणेश जोशी ने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान सम्मान, युवाओं के लिए नए अवसर, डिजिटल इंडिया, आधुनिक आधारभूत संरचना और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश को नई दिशा देने का काम किया है. उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का परिणाम है. उनके नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झाझरा स्थित बालाजी धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुरक्षा, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है. महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व स्तर पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है. उन्होंने कहा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देशवासियों का समर्थन और सहभागिता आवश्यक है
वहीं, दून योगपीठ, देहरादून में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन के लिए विशेष पूजा-अर्चना और योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. दून योगपीठ के संस्थापक योगाचार्य बिपिन जोशी ने प्रधानमंत्री मोदी को “राष्ट्र ऋषि” की संज्ञा देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है.

More Stories
तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोने की ठगी, 62 दिन बाद पोटली में मिले चावल और नारियल
मसूरी में भीषण सड़क हादसा, सैकड़ों मीटर गहरी दुर्गम खाई में गिरी कार
सीएम धामी ने किया ‘मेरी योजना’ पुस्तक ऑडियो क्लिप का अनावरण